उस दिन ऑफ़िस में कनैक्टिविटी नहीं थी और काम बीच में फ़ँसा हुआ था। मैं और बॉस, हम दोनों ही ऑफ़िस में रुके थे और बाकी स्टाफ़ चला गया था। कहते हैं कि पिछले कई साल में एक बार अमेरिका में बिजली गई थी, और बहुत से लोग ऐसे थे जिन्हें तब जाकर याद आया कि आसमान की तरफ़ देखे हुये उन्हें एक जमाना गुजर चुका था। जरूरत ही नहीं पड़ती थी। हम भी तो उन्हीं नक्शे कदम पर हैं। यातायत और संचार के साधन इतने तेज हो चुके हैं और हमें अपनों से यूँ ही कुछ बात करने का मौका नहीं मिलता। और खुद अपने से बात करने की तो फ़ुर्सत ही किसे है?
वो दिन शायद ऐसा ही था जब खुद अपने से बात होनी थी। एकदम से बॉस कहने लगे, “संजय जी, एक बात बताओ, क्या इस दुनिया में कोई पूरा है, कम्पलीट?”
अचानक ये सवाल सुनकर मैं भी हैरान रह गया। मेरे अपने ही सवालों का हल नहीं ढूँढ पाता और ये साहब मुझसे ही पूछ रहे हैं। उन्होंने फ़िर से अपना सवाल दोहराया। मैंने अब उनसे ही पूछा, “सरजी, किसी की मृत्यु होनेपर पंजाबी में क्या कहते हैं?”
उन्होंने बताया, “फ़लाँ पूरा हो गया है, ऐसा बोलते हैं।”
“सरजी, मेरे हिसाब से तो इसीमें आपके सवाल का जवाब है। हम सब अधूरे हैं, एकदम अधूरे और अपने अधूरेपन में ही मस्त हैं। गाफ़िल हैं इस सच्चाई से कि इस दुनिया में संपूर्ण कोई नहीं। कूछ हैं, जिन्हें इस बात का अंदाजा है और वो अपने अधूरेपन की लहर को किसी समंदर में मिलाने की कोशिश भी करते हैं। और उनमें से भी विरले हैं, जो ये कर पाते हैं और अपनी कोशिश में कामयाब होते हैं।”
बॉस कहने लगे, “तो इसका मतलब ये हुआ कि इस दुनिया में कोई तो होंगे ही ऐसे जो संपूर्णता को प्राप्त हुये?”
मैंने कहा, “मैं शायद अच्छे से बात स्पष्ट कर नहीं पाया, सरजी, जो संपूर्ण हो गया फ़िर वो इस दुनिया से ही गया। पंजाबी में कहते हैं न, फ़लाँ पूरा हो गया।”
सरजी हमारे पता नहीं सच में पूछ रहे थे कि आपकी तरह मजे ले रहे थे लेकिन अपने को सोचने को मुद्दा दे गये। कई बार कहा करते हैं, “त्वाडी हिम्मत है यार, अकेले रहते हो। मैं तो सच में इसीलिये गाँव में रहने से डर गया था कि तुम्हारा ट्रांसफ़र हो गया तो अकेला रह जाऊँगा। टाईम कैसे बीतेगा, ये सोचकर भी डर जाता हूँ।”
मैं सोचता हूँ कि आदमी अकेलेपन से क्यों डरता है? क्यों अकेलेपन से तारतम्य बैठाना इतना मुश्किल लगता है? मेरी संवेदनायें शायद काम करना बंद कर रही हैं, मुझे क्यों भीड़भाड़ से दिक्कत और अकेलेपन में सहज लगता है? आधा अधूरा रहना ही अपनी नियति है, ऊपर से ये गाना क्या सुन लिया, समय का मालूम ही नहीं चलता कि कैसे बीत गया। गाने के बोलों से इत्तेफ़ाक न रखते हुये भी एक मासूम दिल के सवाल कोंचते तो हैं। कभी दुख भी होता है और कभी हँसी भी आती है जब पूछा जाता है कि ’की खट्टया(कमाया) मैं तेरी हीर बनके।’ कमाने के लिये प्यार किया था? पागल न हो तो …. आधे अधूरे ही रह लो जब तक इस दुनिया में रहना है, पूरे हो गये तो हो जाना है हैप्पी बड्डे:)